जलभराव के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
लखनऊ के फैजाबाद रोड से लगे इस्माइलगंज वार्ड द्वितीय में रहने वाले लोग जलभराव की समस्या से परेशान है, जिससे आजिज होकर वे सोमवार को सड़क पर उतर आये। उन्होंने नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। कई बार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद जब सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का रास्ता चुना।
पूर्व पार्षद रुद्र प्रताप सिंह भी जनता के साथ प्रदर्शन में साथ खड़े नजर आये। उन्होंने बताया कि अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्य (कार्य का नाम मुलायम नगर मछली मंडी के पीछे सड़क -नाली बनाने का कार्य) अनुमानित लागत 1500000 रुपए नगर निगम में बार-बार शिकायत करने के बावजूद नहीं शुरू कराया गया। जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि स्थिति बहुत ही बदतर हो गई है। रास्ता अब चलने के लायक भी नहीं रह गया है, जलभराव भी होता है। प्रदर्शन में समीर पाल, सागर पांडे, मुस्ताक अहमद के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने धमकी दी है कि अगर उनकी समस्या नहीं सुनी जाती है तो वे नगर निगम मुख्यालय का घेराव करेंगे जो उनके लिये आखिरी रास्ता होगा।
All Comments